
पटना. पशुपति पारस की पार्टी आरएलजेपी महागठबंधन शामिल होगी. सूत्रों की माने तो लालू यादव के साथ आज रविवार 19 जनवरी को आधे घंटे की मुलाकात में इसे लेकर बातचीत हुई. पशुपति पारस, तेजस्वी के साथ मिलकर जल्द इसकी घोषणा कर सकते हैं. पशुपति पारस और प्रिंस दोनों गठबंधन में शामिल होंगे.
दरअसल आज राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति पारस अचानक लालू आवास पहुंचे. पशुपति पारस ने लगभग आधे घंटे तक लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की. माना जा रहा है कि 2025 के विधानसभा चुनाव को लेकर पशुपति पारस, राजद के साथ मिलकर चुनावी रणनीति बना सकते हैं.
लालू यादव ने जताई थी सहमति
इससे पहले राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (आरएलजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने 15 जनवरी को चूड़ा-दही भोज का आयोजन किया था. इसमें शामिल होने राजद सुप्रीमो लालू यादव अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव के साथ पहुंचे था. इस दौरान जब लालू प्रसाद से सवाल पूछा गया कि क्या पशुपति पारस महागठबंधन में शामिल होंगे. इसके जवाब में लालू यादव ने कहा, हां पारस जी महागठबंधन में आएंगे. ‘इससे पहले पशुपति पारस ने कहा, लालू यादव से मेरा पुराना रिश्ता है. जब वो सीएम थे तो मैं उनकी कैबिनेट में मंत्री था. बहुत अच्छी बातचीत हुई.
दलित वोट बैंक में सेंध की कोशिश
लालू प्रसाद यादव पशुपति पारस की गठबंधन में शामिल कर एनडीए के दलित वोट बैंक में सेंधमारी की कोशिश कर रहे हैं. लालू यादव यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि दलित वोट बैंक एनडीए से खिसक रहा है और गठबंधन के साथ जुड़ रहा है. 2025 विधानसभा चुनाव में जीत के लिए दलित वोट बैंक में दरार राजद के लिए जरूरी है. इसके तहत लालू पशुपति पारस को गठबंधन में शामिल करना चाहते हैं. आरजेडी, चिराग पासवान के वोट बैंक में दरार पैदा करने की कोशिश में लगी हुई है.