
जालंधर 2 मई (Secular Punjab) संयुक्त किसान मोर्चा की सदस्य महिला किसान यूनियन ने जालंधर लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पूर्ण बहिष्कार करने का आह्वान करते हुए कहा है कि ये दोनों पार्टियों ने किसानों और मजदूरों के साथ कदम कदम पर धोखा किया है और किसानों की मांगों को मानने के बाद भी उन्हें लागू नहीं किया, इसलिए इन दोनों पार्टियों को इस चुनाव में ‘वोट की चोट’ से करारी हार देकर सबक सिखाया जाए।
आज यहां यूनियन की बैठक के बाद इसकी घोषणा करते हुए महिला किसान यूनियन की अध्यक्ष बीबा राजविंदर कौर राजू ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान काले कानून लागू करने वाली भाजपा और उसके बेलगाम नेताओं की घातक भूमिका और दमनकारी नीतियों से पूरी दुनिया भली-भांति परिचित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की लिखित मांगें मानने के बाद भी अभी तक उन्हें लागू नहीं किया और करीब 750 मृत किसानों को कोई राहत नहीं दी जिसके चलते देश का पूरा किसान-मजदूर वर्ग इस कारपोरेटपरस्त और हिंदू राष्ट्र बनाने वाली भगवा पार्टी का पुरजोर विरोध कर रहा है।
महिला किसान नेता ने पंजाब में सत्ताधारी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि शहीद भगत सिंह के नाम का इस्तेमाल करने वाली यह नई पार्टी शहीद-ए-आजम की सोच से कोसों दूर है और पंजाब के लोगों का जल्द ही इस पार्टी से मोहभंग हो गया है। बीबा राजू ने कहा कि पिछले एक साल के दौरान किसान संगठनों के साथ दर्जनों बैठकों में आश्वासन देने के बावजूद मुख्यमंत्री समेत इस सरकार के विभिन्न मंत्रियों ने आज तक कोई बड़ी मांग पूरी नहीं की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया से उपजी इस पार्टी, इसकी सरकार और इसके संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पिछले दो साल से गारंटीयां देकर राज्य के किसानों के साथ धोखा किया है। न ही पंजाब से नशा ख़त्म हुआ है और न ही किसानों की आत्महत्याएं रुकी हैं, इसलिए संगरूर लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव के बाद जालंधर उपचुनाव में दोआबा के लोगों के पास इस पार्टी को सबक सिखाने का बेहतर अवसर है।
किसान नेता ने कहा कि महिला किसान यूनियन इस उपचुनाव के दौरान आप और बीजेपी का बहिष्कार करते हुए पूरे लोकसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से किसी अन्य पार्टी को वोट देने की अपील करेगी ताकि ये दोनों पार्टियां लोगों की राय की कदर करना सीखे और आम लोगों की मांगों को पूरा करना के लिए सबक सिखाया जाए।